फर्रुखाबाद: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित संग्रह अनुभाग का जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सोमवार को औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में रखी पत्रावलियों, रजिस्टरों एवं महत्वपूर्ण अभिलेखों के रख-रखाव की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया तथा रिकॉर्ड को व्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखने के निर्देश दिए।डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से अभिलेखों के रखरखाव, लंबित प्रकरणों तथा राजस्व वसूली की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी अभिलेख प्रशासन की महत्वपूर्ण संपत्ति होते हैं, इसलिए इनके रखरखाव में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी रजिस्टरों और पत्रावलियों को अद्यतन रखते हुए कार्यालय व्यवस्था को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बकायेदारों से राजस्व वसूली की समीक्षा भी की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित बकाया की प्रभावी वसूली सुनिश्चित की जाए और वसूली कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड रूम की व्यवस्था तथा कर्मचारियों की कार्यशैली का भी जायजा लिया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


