फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के सफल आयोजन को लेकर जनपद स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक पात्र बच्चे तक सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से कृमिनाशक दवा पहुंचाना है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि अभियान के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा सभी बच्चों को दवा खिलाने का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।
बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों तथा अन्य माध्यमों से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अभिभावकों को कृमि मुक्ति के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके और अधिक से अधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित हो।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अभियान के दौरान नियमित निगरानी रखी जाए, जिससे किसी भी पात्र बच्चे को कृमिनाशक दवा से वंचित न रहना पड़े। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की जानकारी देते हुए सफल आयोजन का भरोसा दिलाया।
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने की समीक्षा, सभी विभागों को समन्वय से अभियान सफल बनाने के निर्देश


