33.1 C
Lucknow
Monday, July 27, 2026

तेज रफ्तार ऑटो ने साइकिल सवारों को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर; 100 मीटर तक घिसटकर दीवार से टकराया वाहन

Must read

शमशाबाद/फर्रुखाबाद। कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग पर सोमवार शाम करीब पांच बजे एक भीषण सड़क हादसे में साइकिल सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अनियंत्रित ऑटो करीब 100 मीटर तक सड़क किनारे झाड़ियों और खड्ड में घिसटता हुआ एक दीवार से टकराकर रुका। दुर्घटना के बाद चालक और उसका साथी मौके से भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हादसे के चलते हाईवे पर करीब एक घंटे तक जाम जैसे हालात बने रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगला सेठ निवासी प्रमोद कुमार (50) पुत्र लालमन अपने साथी राजीव कुमार पुत्र लोबान सिंह के साथ साइकिल से फैजबाग दवा लेने जा रहे थे। जैसे ही वे मां ललिता देवी मंदिर के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी पीछे से कायमगंज की ओर से तेज गति से आ रहे एक ऑटो ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों साइकिल सवार कई फीट दूर झाड़ियों में जा गिरे।
हादसे में प्रमोद कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि राजीव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद भी ऑटो चालक ने वाहन नहीं रोका। अनियंत्रित ऑटो करीब 100 मीटर तक झाड़ियों और खड्ड में घिसटता हुआ एक दीवार से जा टकराया। इसके बाद चालक अपने साथी के साथ भागने लगा। ग्रामीणों ने पीछा कर डीएवी इंटर कॉलेज रजला मई के पास एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ऑटो सवार नशे की हालत में थे और तेज रफ्तार के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। पत्नी उर्मिला देवी तथा तीन पुत्र मनोज, विजय और अनुज सहित दो बेटियां सरिता और लाली का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
हादसे के बाद कायमगंज-फर्रुखाबाद मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंची थाना शमशाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article