प्रशासन की समझाइश के बाद बनी सहमति, राजस्व अभिलेखों के अनुसार 3 मीटर चौड़ाई में बनेगी सड़क
अमृतपुर। जटपुरा-करनपुरदत्त संपर्क मार्ग के निर्माण को लेकर सोमवार को एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की टीम जब सड़क निर्माण के लिए मिट्टी कार्य कराने ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ मौके पर पहुंची, तो ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए ट्रैक्टरों के आगे बैठकर निर्माण कार्य रुकवा दिया।
ग्रामीणों का कहना था कि सड़क का निर्माण राजस्व अभिलेखों और स्वीकृत मानकों के अनुरूप ही कराया जाए। उनका आरोप था कि सड़क की चौड़ाई निर्धारित अभिलेखों से अधिक रखी जा रही है, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई। ग्रामीणों ने मांग की कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ अभिलेखों के आधार पर कराया जाए।
विवाद की सूचना मिलते ही पीडब्ल्यूडी के जूनियर इंजीनियर अंकित कुमार ने अमृतपुर थाना पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी और चौकी प्रभारी राहुल कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
कुछ ही देर बाद नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता कर विवाद का समाधान कराया। बातचीत के बाद दोनों पक्ष इस बात पर सहमत हुए कि सड़क का निर्माण 3 मीटर चौड़ाई में कराया जाएगा तथा पूरा कार्य राजस्व अभिलेखों और स्वीकृत मानकों के अनुसार ही किया जाएगा।
सहमति बनने के बाद ग्रामीणों ने अपना विरोध समाप्त कर दिया, जिसके पश्चात सड़क का मिट्टी भराव एवं निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया गया।
नायब तहसीलदार अभिषेक कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण में राजस्व अभिलेखों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी पक्ष के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन विकास कार्यों को नियमानुसार एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पूरा कराने के लिए प्रतिबद्ध है।


