लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण के पिता का गुरुवार को लखनऊ स्थित बैकुंठ धाम में पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान प्रशासनिक, पुलिस और राजनीतिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देने पहुंचीं।
अंतिम संस्कार में मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, एडीजी कानून-व्यवस्था अमिताभ यश सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और पीपीएस अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह भी बैकुंठ धाम पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। अंतिम संस्कार वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ, जिसमें परिजनों, अधिकारियों और शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
दिवंगत के निधन पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने इसे व्यक्तिगत और संस्थागत दोनों स्तरों पर अपूरणीय क्षति बताते हुए परिवार के प्रति अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।


