कमालगंज,फर्रुखाबाद । खुदागंज स्थित ग्राम बझेरा मलिकपुर पट्टी में क्षत्रिय उत्थान समिति के वरिष्ठजनों एवं युवा पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य कार्य समिति का गठन करना, क्षेत्र से जुड़े लंबित मामलों पर चर्चा करना तथा सामाजिक सम्मान और संगठनात्मक मजबूती को लेकर आगामी रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक में समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नशे की गिरफ्त में आ रहे युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा उनके पुनर्वास और जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए सहयोग एवं प्रोत्साहन देने का भी संकल्प लिया गया।
बैठक में यह भी चिंता व्यक्त की गई कि बच्चों और युवाओं में मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग बढ़ रहा है। इस पर अभिभावकों को जागरूक करने तथा बच्चों को खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों की ओर प्रेरित करने का निर्णय लिया गया। समाज में आपसी भाईचारा, समरसता और सौहार्द बनाए रखने के लिए भी सभी सदस्यों ने मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
आगामी विधानसभा चुनाव और पंचायत चुनाव को लेकर भी संगठन की भूमिका तथा रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने समाज की एकजुटता और जागरूक भागीदारी पर बल दिया।
बैठक का आयोजन हंसराज सिंह के आवास पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता रामपाल सिंह ने की। इस अवसर पर विमल प्रताप सिंह, अजय सिंह, मचल सिंह, अवधेश सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, देवेंद्र सिंह, केशव सिंह, बबलू चौहान, प्रियम चौहान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक एवं समाज के लोग उपस्थित रहे।


