बच्चों ने मां के चरणों में पुष्प अर्पित कर लिया आशीर्वाद
फर्रुखाबाद। शहर की आवास विकास कॉलोनी स्थित देहली पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और भावनात्मक वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय पहुंचीं सभी माताओं का तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चों ने गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छोटे बच्चों द्वारा अपनी माताओं के चरणों में पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लेना रहा। इस भावुक दृश्य को देखकर विद्यालय परिसर में मौजूद अभिभावक भाव-विभोर हो उठे। स्कूल परिसर में विशेष रूप से बनाया गया सेल्फी प्वाइंट भी माताओं और बच्चों के आकर्षण का केंद्र बना रहा, जहां सभी ने यादगार तस्वीरें खिंचवाईं।
माताओं और बच्चों ने मिलकर कई मनोरंजक खेलों में हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली विजेता माताओं को सम्मानित भी किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर तालियों और खुशियों से गूंजता रहा।कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक विजय कटियार एवं सुनीता कटियार, प्रबंधक कार्तिकेय कटियार एवं कनिका कटियार तथा प्रधानाचार्य अनुभव लाल मौजूद रहे। सभी ने मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में नैतिक मूल्यों और संस्कारों का विकास करते हैं तथा समाज को सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अनुभव लाल ने विद्यालय परिवार और समस्त स्टाफ को भी मदर्स डे की शुभकामनाएं दीं।


