फर्रुखाबाद। कायमगंज डिवीजन के हजियांपुर उपकेंद्र से जुड़े हरसिंहपुर गोवा गांव में बिना एस्टीमेट बनाए दो पोल की बिजली लाइन तैयार कर 10 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जिम्मेदारों ने उपभोक्ता से सेटिंग कर यह काम कराया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लाइन शिफ्टिंग और ट्रांसफार्मर गायब करने के तीन मामलों की जांच अभी चल ही रही है कि बिजली विभाग में एक और मामला सामने आ गया। हरसिंहपुर गोवा में बिना एस्टीमेट और विभागीय प्रक्रिया के दो खंभे लगाकर लाइन तैयार की गई। इसके बाद कहीं से 10 केवीए का ट्रांसफार्मर लाकर स्थापित कर दिया गया।
बताया जा रहा है कि इस लाइन से सबमर्सिबल चलाकर खेतों की सिंचाई की जा रही है। खेतों में सिंचाई के लिए इसका किराये पर इस्तेमाल किए जाने की भी बात सामने आई है। इससे विभाग को राजस्व के साथ-साथ बिजली व्यवस्था से जुड़े संसाधनों के स्तर पर भी नुकसान होने की आशंका है।
मामला सामने आने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। मौके पर लाइन और ट्रांसफार्मर की स्थिति के साथ ही इसे स्थापित किए जाने की प्रक्रिया और संबंधित अभिलेखों की जांच की जाएगी।
एसडीओ विद्यासागर ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने जेई दीपक कुमार से इस संबंध में जानकारी की है। हालांकि, पूर्व में तैनात जेई और एसडीओ करीब 15 दिन पहले स्थानांतरित हो चुके हैं। वर्तमान जेई के लिए यह क्षेत्र नया है। वह स्वयं मौके पर जाकर जांच करेंगे और जांच में दोषी पाए जाने वाले के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।
बिना एस्टीमेट दो पोल की लाइन बनाकर लगा दिया ट्रांसफार्मर, जांच शुरू


