25 C
Lucknow
Monday, May 4, 2026

दिल्ली में एसी धमाके का एटा तक मातम

Must read

 

एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, जैन परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

एटा। दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एसी फटने से लगी भीषण आग ने एटा जनपद के अलीगंज कस्बे में गहरा शोक फैला दिया। इस दर्दनाक हादसे में अलीगंज निवासी व्यवसायी प्रताप चंद्र जैन की बेटी सहित एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूरे कस्बे में मातम छा गया और हर कोई इस त्रासदी से स्तब्ध नजर आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगंज कस्बे के मोहल्ला राधाकिशन निवासी प्रताप चंद्र जैन की बेटी अनीता का विवाह दिल्ली के विवेक विहार में रहने वाले कारोबारी अरविंद जैन से हुआ था। पूरा परिवार दिल्ली में एक चार मंजिला इमारत में रह रहा था। तीन मई को अचानक एसी में विस्फोट हो गया, जिससे भीषण आग लग गई और देखते ही देखते पूरा घर आग की लपटों में घिर गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान इलेक्ट्रॉनिक लॉक सिस्टम के चलते मुख्य गेट समय पर नहीं खुल सका, जिससे परिवार के सदस्य बाहर नहीं निकल पाए और आग की चपेट में आ गए। इस भयावह हादसे में अनीता जैन, उनके पति अरविंद जैन, पुत्र निशांक जैन, पुत्रवधू आंचल जैन और पौत्र आकाश जैन उर्फ अक्के की दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की खबर जैसे ही अलीगंज पहुंची, परिजनों और शुभचिंतकों का जैन परिवार के घर पर तांता लग गया। हर कोई इस असहनीय दुख में परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचा। प्रताप चंद्र जैन और उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि सूचना मिलते ही परिवार के लोग दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जहां सोमवार को मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया।
दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और पूरा परिवार काल के गाल में समा चुका था। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू उपकरणों की सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह हादसा न केवल जैन परिवार के लिए, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक गहरा सदमा बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी त्रासदी ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है और अब लोग अपने घरों में सुरक्षा इंतजामों को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article