28.2 C
Lucknow
Saturday, October 17, 2026

जम्मू-कश्मीर: कुपवाड़ा में LoC के पास मुठभेड़, सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को किया ढेर, सर्च ऑपरेशन जारी

Must read

कुपवाड़ा: जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के कुपवाड़ा (Kupwara) जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास शनिवार सुबह सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। केरन सेक्टर के जुमागुंड इलाके में हुई इस मुठभेड़ में अब तक दो आतंकियों के मारे जाने की खबर है। सेना ने इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आतंकियों के घुसपैठ की कोशिश करने की बात की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

सेना के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 3:30 बजे सुरक्षाबलों ने कुपवाड़ा के केरन सेक्टर स्थित जुमागुंड इलाके में संदिग्ध गतिविधियां देखीं। इसके बाद जवानों और आतंकियों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। अभियान के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया गया। इलाके में अन्य आतंकियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए सर्च ऑपरेशन जारी है।

जम्मू-कश्मीर में अक्टूबर के दौरान आतंकी गतिविधियों से जुड़ी कई घटनाएं सामने आई हैं।

12 अक्टूबर, पुंछ: कृष्णा घाटी सेक्टर के पास हुए धमाके में चार लोगों की मौत हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, मृतकों में लश्कर-ए-तैयबा का एक कमांडर भी शामिल था और वे घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।

12 अक्टूबर, मेंढर: पुंछ के बसोनी इलाके में बॉर्डर फेंस के पास दो जंग लगी बारूदी सुरंगें मिलीं। सेना ने नियंत्रित विस्फोट के जरिए इन्हें नष्ट कर दिया।

सितंबर में भी मारे गए थे कई आतंकी

सितंबर में भी जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग जिलों में आतंकरोधी अभियान चलाए गए थे। 17 सितंबर को उधमपुर में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े दो पाकिस्तानी आतंकियों को मार गिराया गया था। वहीं, 9 सितंबर को डोडा में लश्कर से जुड़े एक आतंकी का शव मिला था। इसके अलावा, 5 सितंबर को बडगाम के यूसमर्ग-अशदर गली इलाके में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी यासिर को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था।

कुपवाड़ा में ताजा मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबल पूरे इलाके में सतर्क हैं। फिलहाल अभियान पूरा होने और मारे गए आतंकियों की पहचान से जुड़ी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article