फर्रुखाबाद। तहसील कायमगंज सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं का अंबार देखने को मिला। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 216 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर राहत प्रदान की गई।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न बनकर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 76 मामले राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग की 54, विकास विभाग की 32, विद्युत विभाग की 28, नगर विकास विभाग की 8, खाद्य एवं रसद विभाग की 5 तथा अन्य विभागों से संबंधित 13 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने मौके पर 15 शिकायतों का समाधान किया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजते हुए निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कड़ा रुख भी अपनाया। मऊ रशीदपुर क्षेत्र के लेखपाल योगेंद्र यादव तथा संबंधित राजस्व निरीक्षक शिवनारायण तिवारी के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश जारी किए गए। वहीं बलीपुर क्षेत्र के लेखपाल कप्तान सिंह के विरुद्ध प्राप्त शिकायत की जांच कर दोष सिद्ध होने पर निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।


