फर्रुखाबाद के नवाबगंज बाईपास पर बुधवार रात एक मिट्टी लदे डंपर की टक्कर से बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में उनका दो वर्षीय पुत्र बाल-बाल बच गया। घायलों को फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
यह घटना नवाबगंज कस्बे के बाईपास स्थित बवना तिराहा के पास रात करीब 9:30 बजे हुई। जनपद एटा के थाना जैथरा निवासी सचिन यादव अपनी पत्नी पूनम यादव और दो वर्षीय पुत्र छोटू के साथ बाइक से थाना क्षेत्र के गांव नगला मन्न स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे।
बवना तिराहा के पास उनकी बाइक भट्टे की मिट्टी लेकर जा रहे एक डंपर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन और उनकी पत्नी पूनम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनका पुत्र छोटू सुरक्षित रहा।
घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलाकर घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। बाद में सूचना मिलने पर ससुराल वालों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें अपने निजी वाहन से फर्रुखाबाद के सिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि यह देर रात की घटना थी और उन्हें फोन पर सूचना मिली थी। डंपर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक इस मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


