अनुराग तिवारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगामी द्विवार्षिक चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने छह और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है।
भाजपा ने आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रदेश के चर्चित कर्मचारी नेता एवं इंजीनियर हरि किशोर तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है। पार्टी की ओर से जारी सूची में आगरा शिक्षक के अलावा वाराणसी शिक्षक और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सहित तीन शिक्षक तथा तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं।
हरि किशोर तिवारी लंबे समय तक कर्मचारी संगठनों से जुड़े रहे हैं। वह राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं और कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वर्ष 2024 में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इससे पहले वह समाजवादी पार्टी में भी शामिल हुए थे।
आगरा से पहले भी लड़ चुके हैं एमएलसी चुनाव
हरि किशोर तिवारी का आगरा विधान परिषद क्षेत्र से पुराना राजनीतिक जुड़ाव रहा है। वर्ष 2019 में उन्होंने आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। वर्ष 2020 के एमएलसी चुनाव में भी वह आगरा स्नातक सीट से निर्दलीय मैदान में उतरे और करीब 23 हजार मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे थे।
उनके चुनाव मैदान में उतरने के दौरान कर्मचारी संगठनों के बीच उनकी मजबूत पकड़ की चर्चा रही थी। अब शिक्षक सीट से भाजपा के उम्मीदवार बन फिर मौका मिला। इस बार भाजपा ने उन्हें आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा है। इससे पहले सितंबर में सामने आई चुनावी तैयारियों की खबरों में भी हरि किशोर तिवारी का नाम भाजपा के संभावित दावेदारों में शामिल था। अब पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों पर चुनाव होना है। भाजपा ने अब सभी 11 सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार मतदान 23 अक्टूबर को और मतगणना 27 अक्टूबर को प्रस्तावित है। हरि किशोर तिवारी को आगरा शिक्षक सीट से टिकट मिलने के बाद कर्मचारी राजनीति से शिक्षक राजनीति तक उनके लंबे सार्वजनिक जीवन की चर्चा एक बार फिर तेज हो गई है।


