शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के गांव रजला मई में गुरुवार सुबह धान की फसल की सिंचाई करने जा रहे एक मूकबधिर युवक को जहरीले कीड़े ने काट लिया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। खेत में काम कर रहे ग्रामीणों ने उसे पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। परिजन युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, रजला मई निवासी श्रवण कुमार बोलने में असमर्थ है। उसका खेत गांव के पास ही स्थित है, जिसमें धान की फसल तैयार की गई है। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे वह फसल की सिंचाई करने के लिए खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी जहरीले कीड़े ने उसे काट लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई।
बताया गया कि कीड़े के काटने के बाद युवक चीख-पुकार मचाते हुए खेत में गिर पड़ा। आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने उसकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर खोजबीन की। इस दौरान वहां एक काला बिच्छू दिखाई दिया। आशंका जताई गई कि बिच्छू ने ही युवक को काटा है।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी युवक के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे उपचार के लिए सीएचसी कायमगंज में भर्ती कराया। चिकित्सकों की देखरेख में युवक का उपचार जारी था।
खेत की सिंचाई करने जा रहे मूकबधिर युवक को जहरीले कीड़े ने काटा, हालत बिगड़ी


