औरैया
जनपद के बेला थाना परिसर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) पुनीत मिश्रा ने पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में रिक्रूट आरक्षियों समेत थाना स्टाफ की मौजूदगी में सीओ ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
सीओ पुनीत मिश्रा ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करें, ताकि अपराध पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने और किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस को आमजन के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना चाहिए, जिससे लोगों में सुरक्षा का विश्वास बना रहे और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान हो सके।
बैठक के दौरान उन्होंने अनुशासन और कार्य के प्रति निष्ठा पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम, उपनिरीक्षक बृजभूषण तिवारी, आरक्षी अंकुश चौधरी, विशाल तंवर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। बैठक के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है, जिससे आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।


