फर्रुखाबाद। जनपद में कृषि भूमि एवं अन्य संपत्तियों के सर्किल रेट का पुनरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर द्वारा नई मूल्यांकन सूची 8 मई 2026 को जारी कर दी गई है, जिसे 1 मई 2026 से प्रभावी माना गया है। लंबे समय से भूमि मूल्यों में संशोधन न होने के कारण प्रशासन ने वर्तमान बाजार परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।
जानकारी के अनुसार जनपद फर्रुखाबाद में पिछले तीन वर्षों से कृषि भूमि की दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई थी, जबकि इस अवधि में जमीनों के बाजार मूल्य लगातार बढ़े हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना के प्रस्तावित निर्माण से भूमि के विक्रय मूल्यों में और तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।
इन्हीं परिस्थितियों को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा वर्तमान सर्किल रेट में सामान्य रूप से 10 प्रतिशत से लेकर 20 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है। वहीं हाल के वर्षों में नगर पंचायत क्षेत्रों में शामिल किए गए गांवों में भूमि मूल्यों में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
प्रशासन का मानना है कि नए सर्किल रेट लागू होने से राजस्व में वृद्धि होगी और संपत्ति खरीद-फरोख्त के दौरान वास्तविक बाजार मूल्य के अनुरूप पंजीकरण संभव हो सकेगा। नई दरें लागू होने के बाद जमीन कारोबार से जुड़े लोगों और आम नागरिकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।


