42.5 C
Lucknow
Wednesday, June 24, 2026

शादी के लिए रखे जेवरात पर चोरों का हाथ साफ, 4 लाख की चोरी से सनसनी

Must read

 

कंपिल। थाना क्षेत्र के मोहल्ला माँझ गांव पूर्व निवासी सतीश माथुर के घर बुधवार रात अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित सतीश माथुर ने बताया कि बुधवार रात वह एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद करीब दो बजे घर लौटे थे। उस समय उनका पुत्र और पुत्रवधू घर की छत पर सो रहे थे, जबकि उनकी पत्नी आंगन में थीं। स्वयं सतीश माथुर मुख्य दरवाजे के पास सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में प्रवेश कर गए।
बताया गया कि घर के कमरों के दरवाजे बंद थे, लेकिन उन पर ताले नहीं लगे थे। चोरों ने सीधे उस बक्से को निशाना बनाया जिसमें आगामी पारिवारिक कार्यक्रम और शादी के लिए रखे गए सोने-चांदी के कीमती आभूषण सुरक्षित रखे गए थे।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, सोने का ॐ पेंडेंट, मांगटीका, सोने के कुंडल, चांदी की पायल सहित अन्य कीमती जेवरात शामिल हैं। चोरी गए आभूषणों की अनुमानित कीमत तीन से चार लाख रुपये बताई जा रही है।
सतीश माथुर की पुत्रवधू संगीता ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे जब वह छत से नीचे आईं तो घर का मुख्य गेट खुला मिला। संदेह होने पर जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो जेवरात वाला बक्सा खुला पड़ा था और उसमें रखे कीमती आभूषण गायब थे। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी एकत्र की जा रही है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्रवासियों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
थानाध्यक्ष नितिन चौधरी ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article