40.8 C
Lucknow
Tuesday, June 16, 2026

गांव के बीचों-बीच तीन मंजिला मकान में चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Must read

 

कमालगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम सबलपुर में स्थित एक तीन मंजिला मकान में संदिग्ध परिस्थितियों में चोरी की घटना सामने आई है। घटना के बाद पूरे गांव में चर्चा का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सबलपुर निवासी राजेंद्र कुमार के घर में रात के समय चोरी हुई। राजेंद्र कुमार की पत्नी महारानी ने बताया कि उनका पुत्र विकास और बहू किरण मकान की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे, जबकि वह स्वयं नीचे के कमरे में थीं। राजेंद्र कुमार किसी अन्य घर में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे परिवार के सभी सदस्य सो गए थे।

सुबह जब परिवार के लोग जागे तो मकान का मुख्य दरवाजा खुला मिला। घर की अलमारियां और बक्से खुले पड़े थे तथा दोनों मंजिलों पर सामान बिखरा हुआ था। परिजनों के अनुसार घर से सोने-चांदी के आभूषण और कुछ नकदी गायब है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू कर दी।

गांव के बीच स्थित तीन मंजिला मकान में हुई इस घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस महिला के सामान की चोरी बताई जा रही है, वह स्थायी रूप से इस मकान में नहीं रहती हैं, जिससे मामले को लेकर विभिन्न आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

थाना प्रभारी रामसहाय सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article