मुकदमा दर्ज, थाने से ही दी गई जमानत
फर्रुखाबाद| जनपद में प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझा का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चाइनीज मांझा बेच रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15 अदद प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की चरखी/कोन बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद खां स्थित अनार वाली मस्जिद के सामने की गली में एक व्यक्ति ट्राइसाइकिल पर बैठकर चाइनीज मांझा बेच रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को रंगे हाथों पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद रिजवान पुत्र मोहम्मद रफीक, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी मोहल्ला गढ़ी अब्दुल मजीद खां, थाना कोतवाली फर्रुखाबाद बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि बाजार में चाइनीज मांझा की काफी मांग है और इससे अच्छा मुनाफा होता है। उसने यह भी बताया कि वह विकलांग है और इसी अवैध कारोबार से अपने परिवार का भरण-पोषण करता है।
पुलिस ने आरोपी को चाइनीज मांझा से होने वाले गंभीर हादसों, जनहानि और इसके कानूनी अपराध होने की जानकारी देते हुए हिरासत में लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
शाम होते-होते आरोपी को थाने से ही जमानत दे दी गई।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दर्शन सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और नियमानुसार उसे थाने से जमानत प्रदान की गई है।
पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझा से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा और अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here