– तरबगंज के गिरधरपुर पांडेय पुरवा में बड़ी कार्रवाई,
– जेसीबी से ढहाए गए अवैध निर्माण
गोंडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अतिक्रमण के खिलाफ सख्त नीति के तहत गोंडा जिले के तरबगंज तहसील क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खलिहान की सरकारी भूमि को कब्जामुक्त करा दिया। संयुक्त राजस्व और पुलिस टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण ध्वस्त कर करीब एक एकड़ भूमि को मुक्त कराया।
कार्रवाई तरबगंज तहसील क्षेत्र के गिरधरपुर पांडेय पुरवा गांव में की गई, जहां खलिहान के रूप में दर्ज सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई का निर्णय लिया।
शनिवार को तहसीलदार और नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों से अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली।
अधिकारियों ने बताया कि खलिहान की भूमि ग्रामीणों के सार्वजनिक उपयोग के लिए सुरक्षित होती है और उस पर किसी भी प्रकार का निजी कब्जा या निर्माण नियमों के विरुद्ध है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
ग्रामीणों के अनुसार लंबे समय से भूमि पर कब्जे की शिकायतें की जा रही थीं। कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के कदम का स्वागत किया और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
योगी सरकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान के तहत प्रदेशभर में सरकारी भूमि, तालाब, चारागाह और खलिहान की जमीनों को कब्जामुक्त कराने की कार्रवाई लगातार जारी है। गोंडा की यह कार्रवाई भी उसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है, जिसमें प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।


