– बेटियों पर अभद्र टिप्पणी को बताया अस्वीकार्य,
– राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की दी नसीहत
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर सोशल मीडिया पर की जा रही अभद्र टिप्पणियों को लेकर प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद ने इस मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी नेता की बेटी या परिवार को निशाना बनाना पूरी तरह गलत और निंदनीय है।
संजय निषाद ने कहा, “अखिलेश यादव की बेटी केवल उनकी बेटी नहीं, बल्कि देश की बेटी है। बेटियों के सम्मान पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। राजनीति में वैचारिक संघर्ष हो सकता है, लेकिन परिवार और बेटियों पर अभद्र टिप्पणी सभ्य समाज को शोभा नहीं देती।”
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर बढ़ती अमर्यादित भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
संजय निषाद ने स्पष्ट कहा कि राजनीतिक लड़ाई विचारों और नीतियों पर होनी चाहिए, न कि किसी के परिवार या बच्चों को निशाना बनाकर। उन्होंने कहा कि बेटियों के सम्मान की रक्षा करना समाज और राजनीति दोनों की साझा जिम्मेदारी है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव की पुत्री को लेकर कुछ आपत्तिजनक टिप्पणियां और पोस्ट सामने आए थे, जिनको लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी नाराजगी व्यक्त की है। अब संजय निषाद के बयान ने इस पूरे विवाद को नई राजनीतिक चर्चा का विषय बना दिया है।


