– चंद्रशेखर खुद करेंगे उम्मीदवारों का चयन, संगठन और जनाधार बनेगा टिकट का पैमाना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने अपनी रणनीति स्पष्ट करनी शुरू कर दी है। पार्टी प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संकेत दिए हैं कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव अकेले दम पर लड़ने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के चयन के लिए एक नई व्यवस्था लागू की जा रही है, जिसके तहत टिकट के दावेदारों को इंटरव्यू देना होगा।
पार्टी सूत्रों के अनुसार विधानसभा टिकट का फैसला केवल सिफारिश, राजनीतिक प्रभाव या आर्थिक ताकत के आधार पर नहीं होगा। टिकट पाने के इच्छुक नेताओं और कार्यकर्ताओं को पार्टी नेतृत्व के सामने अपना पक्ष रखना होगा। संगठन में सक्रियता, जनाधार, सामाजिक स्वीकार्यता और क्षेत्र में संघर्ष का रिकॉर्ड उम्मीदवार चयन का मुख्य आधार बनेगा।
सबसे खास बात यह है कि पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद स्वयं उम्मीदवारों के इंटरव्यू लेंगे और अंतिम चयन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे। माना जा रहा है कि महत्वपूर्ण विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का चयन सीधे चंद्रशेखर की सहमति से होगा।
लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद आजाद समाज पार्टी का आत्मविश्वास बढ़ा है। पार्टी अब दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक और युवाओं के बीच अपना जनाधार मजबूत कर प्रदेश की राजनीति में तीसरे विकल्प के रूप में उभरने की कोशिश कर रही है।


