38 C
Lucknow
Friday, April 17, 2026

बुलडोजर कार्रवाई पर हमला: अवैध निर्माण माफिया का खुला आतंक

Must read

– एलडीए टीम पर लाठी-डंडों से हमला
– अफसर घायल
लखनऊ। पॉश इलाके सुशांत गोल्फ सिटी में उस समय हड़कंप मच गया जब अवैध निर्माण पर कार्रवाई करने पहुंची लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की टीम पर सुनियोजित हमला कर दिया गया। यह हमला न सिर्फ प्रशासनिक कार्रवाई को चुनौती देता है बल्कि प्रदेश में चल रही बुलडोजर नीति पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
घटना के मुताबिक चिलौला क्षेत्र में करीब 20 अवैध दुकानों पर बुलडोजर चलाने के लिए एलडीए की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही अवैध कब्जाधारियों और स्थानीय दबंगों ने एकजुट होकर टीम पर हमला बोल दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नरेंद्र रावत और दीपू यादव के नेतृत्व में भीड़ ने अचानक हमला किया। हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और पत्थर थे। देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई और एलडीए टीम को निशाना बनाकर जमकर पथराव किया गया।
हमले में जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी और रवि नंदन गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, हमलावरों ने सरकारी कार्रवाई को रोकने के लिए मौके पर खड़ी जेसीबी, पोकलैंड मशीन, डंपर और अधिकारियों की गाड़ियों में भी तोड़फोड़ कर दी। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का यह मामला सीधे तौर पर कानून व्यवस्था को चुनौती माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, अवैध निर्माण माफिया लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय थे और प्रशासनिक कार्रवाई की भनक लगते ही उन्होंने पहले से हमला करने की रणनीति तैयार कर ली थी। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या इन दबंगों को किसी राजनीतिक या स्थानीय संरक्षण का सहारा था?
इस पूरे मामले में एलडीए के कर्मचारी शिवानंद शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article