– शमसाबाद रेलवे स्टेशन के पास हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम
नवाबगंज, फर्रुखाबाद । थाना क्षेत्र के गांव मंझना स्थित शमसाबाद रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को कासगंज जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हादसा रेलवे के पोल संख्या 154/11 और 154/10 के बीच हुआ। बताया गया कि ट्रेन की चपेट में आने के बाद युवक रेलवे ट्रैक के पास गिर गया। सूचना मिलने पर मेड सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और स्टेशन मास्टर श्याम सिंह को घटना की जानकारी दी। स्टेशन मास्टर ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
कुछ ही देर में ईएमटी रजनीश कुमार और पायलट भंवर सिंह एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायल युवक को नवाबगंज सीएचसी पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नवाबगंज नगर के मोहल्ला नया गनीपुर निवासी रोहित यादव, पुत्र सूरज यादव के रूप में हुई। रोहित ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था और चार भाइयों में सबसे बड़ा था। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रेखा देवी तथा भाई शिवम, अनीश और अवनीश का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली। वहीं जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी नवाबगंज सीएचसी पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


