*- मंडल स्तरीय सेवायोजन कार्यालयों में वीडियो वॉल और स्मार्ट क्लास से होगा कौशल विकास*
*- युवाओं को अंग्रेजी, कंप्यूटर और अन्य सॉफ्ट स्किल्स का दिया जाएगा आधुनिक प्रशिक्षण*
*- यूपी के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही योगी सरकार*
*आगरा, 10 मई।* उत्तर प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार लगातार नए और प्रभावी कदम उठा रही है। इसी दिशा में यूपी रोजगार मिशन के तहत ‘स्किल गैप ब्रिजिंग’ (Skill Gap Bridging) कार्यक्रम की एक अनूठी पहल शुरू की गई है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं में मौजूद तकनीकी और भाषाई कमियों को दूर कर उन्हें वैश्विक स्तर की नौकरियों के लिए तैयार करना है। इसके तहत मंडल स्तर के सेवायोजन कार्यालयों को हाई-टेक किया जा रहा है, जहां अंग्रेजी भाषा, कंप्यूटर ज्ञान और सॉफ्ट स्किल्स का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
*सेवायोजन कार्यालयों में बनेंगी स्मार्ट क्लास और वीडियो वॉल*
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘स्किल इंडिया’ विजन को उत्तर प्रदेश में योगी सरकार तेजी से धरातल पर उतार रही है। इसी कड़ी में प्रदेश के मंडल स्तरीय सेवायोजन कार्यालयों में ‘स्मार्ट क्लास’ और ‘वीडियो वॉल’ स्थापित की जा रही हैं। आगरा में इसके लिए जरूरी उपकरण भी पहुंच चुके हैं। इन स्मार्ट कक्षाओं में विशेषज्ञ ट्रेनर तैनात किए जाएंगे, जो बेरोजगार युवाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षित कर उन्हें सीधे रोजगार से जोड़ेंगे।
*डिजिटल तरीके से रोचक होगी पढ़ाई, बढ़ेगा आत्मविश्वास*
‘स्किल गैप ब्रिजिंग’ कार्यक्रम के तहत ऑडियो- विजुअल और डिजिटल सामग्री का भरपूर उपयोग किया जाएगा। इससे प्रशिक्षण न केवल रोचक होगा, बल्कि युवाओं के लिए जटिल विषयों को समझना भी बेहद आसान हो जाएगा। स्मार्ट क्लास में युवाओं के अलग- अलग बैच बनाकर उनकी संवाद कौशल की कमियों पर काम किया जाएगा। बड़े स्क्रीन वाली वीडियो वॉल के जरिए ग्रुप ट्रेनिंग, सेमिनार, वर्कशॉप और लाइव सत्र आयोजित होंगे। इससे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे नौकरी की प्रतिस्पर्धा में मजबूती से खड़े हो सकेंगे।
*जापान, जर्मनी और इजराइल जैसे देशों में मिलेगी नौकरी*
आजकल उत्तर प्रदेश के कुशल युवाओं की मांग देश के साथ- साथ विदेशों में भी तेजी से बढ़ रही है। विशेषकर जापान, जर्मनी और इजराइल में पैरामेडिकल स्टाफ व अन्य तकनीकी क्षेत्रों में यूपी के युवाओं को अच्छे पैकेज मिल रहे हैं। हालांकि विदेशी भाषा और सॉफ्ट स्किल्स की कमी के कारण कई बार उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था। योगी सरकार की यह नई पहल इसी स्किल गैप को पाटकर युवाओं को विदेशों में शानदार करियर बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक (सेवायोजन) चंद्रचूड़ दुबे ने इस योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि मुख्यालय के निर्देश पर आगरा सहित मंडल स्तर के जिलों में स्मार्ट क्लास और वीडियो वॉल बनाई जा रही है। इसका सारा उपकरण हमें प्राप्त हो चुका है। इसके जरिए हम युवाओं के ‘स्किल गैप’ को दूर करेंगे। हमारे ट्रेनर युवाओं को अंग्रेजी, कंप्यूटर और अन्य सॉफ्ट स्किल्स में इंटरएक्टिव तरीके से दक्ष करेंगे। यहां युवाओं की करियर काउंसलिंग भी की जाएगी और उनकी हर समस्या का समाधान होगा, ताकि जापान, जर्मनी या इजराइल जैसे देशों में जाने वाले हमारे युवाओं को अच्छी नौकरी और मोटा पैकेज आसानी से मिल सके।


