41 C
Lucknow
Thursday, April 23, 2026

बीएलओ को जान से मारने की धमकी, सुरक्षा की मांग

Must read

अज्ञात व्यक्ति पर अभद्र भाषा व धमकी देने का आरोप, पुलिस से की शिकायत

फर्रुखाबाद। नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) को जान से मारने की धमकी मिलने का गंभीर मामला सामने आया है। जोगपुर प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत हरीसिंह ने इस संबंध में थाना नवाबगंज में लिखित शिकायत देकर अपनी सुरक्षा की मांग की है।

गनीपुर-जोगपुर क्षेत्र में बूथ लेवल अधिकारी के रूप में तैनात हरीसिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि वे निर्वाचन कार्य को पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कर रहे हैं। इसके बावजूद एक अज्ञात व्यक्ति लगातार उन्हें फोन अथवा प्रत्यक्ष रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग कर धमका रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है।

हरीसिंह के अनुसार लगातार मिल रही धमकियों के कारण वे मानसिक दबाव में हैं और अपना सरकारी कार्य सुचारू रूप से नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि उन्हें अपनी जान और माल को लेकर गंभीर खतरा महसूस हो रहा है।

BLO हरीसिंह ने बताया कि इस मामले की शिकायत केवल थाने तक सीमित नहीं रखी गई है, बल्कि इसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ, जिलाधिकारी फर्रुखाबाद, उप जिलाधिकारी कायमगंज, उप जिलाधिकारी अमृतपुर, निर्वाचन अधिकारी, एवं चेयरमैन नवाबगंज को भी भेजी गई है, ताकि मामले को गंभीरता से लिया जा सके।

बताया गया कि हरीसिंह विधानसभा अमृतपुर के बूथ संख्या 248 के बूथ लेवल अधिकारी हैं और वर्तमान में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों में लगे हुए हैं।

इस मामले में जब थाना प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडे से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं कस्बा प्रभारी गीतम सिंह ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।

इस घटना के बाद चुनावी कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। BLO जैसे जिम्मेदार पद पर तैनात कर्मचारी को धमकी मिलना प्रशासनिक व्यवस्था पर भी चिंता का विषय माना जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article