फर्रुखाबाद। जनपद की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने एक चर्चित ऑनलाइन ठगी मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को नोटिस जारी किया है। मामला एक सैनिक के साथ हुई कथित ऑनलाइन ठगी से जुड़ा है, जिसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सैनिक फैयाज अहमद ने परिवाद दाखिल करते हुए आरोप लगाया है कि उसके साथ एक्सिस बैंक के क्रेडिट कार्ड के माध्यम से ऑनलाइन ठगी की गई। इस मामले में उन्होंने बैंक प्रबंधन के साथ-साथ बैंक की ब्रांड एंबेसडर दीपिका पादुकोण को भी पक्षकार बनाया है।
परिवाद में एक्सिस बैंक के चेयरमैन का नाम भी शामिल किया गया है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। CJM कोर्ट ने प्रथम दृष्टया मामले को सुनवाई योग्य मानते हुए सभी नामजद पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
परिवाद में यह तर्क दिया गया है कि दीपिका पादुकोण, एक्सिस बैंक की ब्रांड एंबेसडर होने के नाते बैंक की सेवाओं के प्रचार-प्रसार से जुड़ी हैं, इसलिए उन्हें भी इस मामले में जवाबदेह ठहराया जाए।
कोर्ट में अगली सुनवाई पर सभी पक्षों को अपना जवाब प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद ही तय होगा कि मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


