पटना। भोजपुर में चर्चित भरत भूषण तिवारी मुठभेड़ के बाद बिहार पुलिस को लगातार धमकी भरे फोन कॉल मिल रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए भोजपुर पुलिस और साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पुलिस अधिकारियों को प्रतिदिन 400 से अधिक कॉल प्राप्त हो रहे हैं। इनमें अधिकांश कॉल उत्तर प्रदेश से किए जाने की बात सामने आई है। कई कॉल में पुलिस अधिकारियों को धमकियां दी जा रही हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
भोजपुर पुलिस ने कॉल डिटेल्स और तकनीकी साक्ष्यों को खंगालना शुरू कर दिया है। साइबर टीम विभिन्न नंबरों की लोकेशन और कॉल करने वालों की पहचान करने में जुटी हुई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी देने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में जांच आगे बढ़ रही है।
भरत भूषण तिवारी मुठभेड़ के बाद उत्पन्न हुए इस घटनाक्रम ने बिहार और उत्तर प्रदेश दोनों राज्यों की पुलिस एजेंसियों को अलर्ट मोड पर ला दिया है।


