यात्रा संयोजक सौरभ मिश्रा ने झोंकी ताकत
फर्रुखाबाद। आगामी 19 अप्रैल को मनाई जाने वाली भगवान परशुराम जयंती को लेकर जिले में तैयारियां जोरों पर हैं। ब्राह्मण समाज सेवा समिति द्वारा इस बार जयंती को भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के लिए व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
यात्रा संयोजक अनिल जिम्मेदार के नेतृत्व में टीम द्वारा घर-घर जाकर ब्राह्मण समाज के लोगों को आमंत्रित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
इसी क्रम में शोभायात्रा को आकर्षक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सौरभ मिश्रा को यात्रा का संयोजक बनाया गया है, जो अपनी टीम के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में पूरी ताकत लगा रहे हैं।
समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी, महामंत्री लाला राम दुबे सहित समाज के कई गणमान्य लोग सक्रिय रूप से तैयारियों में जुटे हैं। वहीं आदित्य दीक्षित को यात्रा प्रभारी, अंकित तिवारी को सह-संयोजक, क्रांति पाठक को सह-प्रभारी तथा अजय दुबे ‘अज्जू’ को व्यवस्थापक की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर शाम 5 बजे पंडा बाग मंदिर से शोभायात्रा प्रारंभ होकर ब्राह्मण समाज धर्मशाला तक निकाली जाएगी। यात्रा के संचालन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी विमलेश मिश्रा को सौंपी गई है।
समिति के पदाधिकारियों और समाज के सदस्यों ने एक स्वर में संकल्प लिया है कि इस वर्ष भगवान परशुराम जयंती को भव्य, आकर्षक और यादगार बनाया जाएगा। इसके तहत सुंदर झांकियां, धार्मिक कार्यक्रम और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
यात्रा संयोजक सौरभ मिश्रा ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और समाज के लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
भगवान परशुराम जयंती को लेकर तैयारियां तेज, घर-घर जनसंपर्क अभियान जारी


