बंगाल की जनता को पीएम मोदी का दंडवत प्रणाम
कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में शनिवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब राज्य में पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार का गठन हुआ। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता के प्रतिष्ठित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य समारोह में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ पांच विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास पहुंचे और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंच पर मौजूद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा ब्रिगेड ग्राउंड भगवा रंग में रंगा नजर आया।
शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तिनिया, क्षुदीराम टुडु और निशीथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा नेतृत्व ने इसे पश्चिम बंगाल में “राजनीतिक परिवर्तन का नया अध्याय” बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और नए मंत्रिमंडल को बधाई देते हुए कहा कि बंगाल के विकास और सुशासन के लिए केंद्र सरकार हर संभव सहयोग करेगी।
समारोह के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने समर्थकों और कार्यकर्ताओं को दंडवत प्रणाम कर अभिवादन किया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो तेजी से चर्चा में आ गए। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
कार्यक्रम में एक भावुक क्षण तब देखने को मिला जब प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा के 98 वर्षीय वरिष्ठ कार्यकर्ता माखनलाल सरकार का अभिनंदन किया और उनके पैर छूकर आशीर्वाद लिया। माखनलाल सरकार स्वतंत्रता के बाद बंगाल में राष्ट्रवादी आंदोलन और भाजपा संगठन से जुड़े शुरुआती नेताओं में माने जाते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसे “बंगाल में बदलाव और सुशासन की जीत” बताया है।


