औरैया
औरैया-जालौन (विलरायां-पनवाड़ी) सड़क अब पूरी तरह से बदलने जा रही है। जिला मुख्यालय ककोर से यमुना पुल तक करीब 16.080 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण एवं चौड़ीकरण के लिए शासन ने 71 करोड़ 21 लाख 66 हजार रुपये की बड़ी धनराशि स्वीकृत कर दी है। इसमें से 20 करोड़ रुपये की पहली किस्त भी विभाग को जारी कर दी गई है, जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
यह मार्ग वर्षों से बदहाल स्थिति में था, जहां जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी हुई गिट्टी और खराब सतह के कारण आम लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर बारिश के मौसम में हालात और भी खराब हो जाते थे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता था। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों वाहनों की आवाजाही होती है, जिससे इसके निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी।
लोक निर्माण विभाग द्वारा भेजे गए प्रस्ताव को आखिरकार शासन की मंजूरी मिल गई है। इस परियोजना के तहत सड़क को पहले से अधिक चौड़ा बनाया जाएगा, जिसमें दोनों ओर लगभग डेढ़-डेढ़ मीटर तक चौड़ीकरण किया जाएगा। निर्माण कार्य को दो चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में जनपद सीमा से जालौन चौराहे तक सड़क बनाई जाएगी, जबकि दूसरे चरण में जिला न्यायालय के आगे फफूंद तिराहे से दिबियापुर बाईपास होते हुए जिला मुख्यालय तक मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस सड़क के निर्माण से न केवल औरैया से जालौन के बीच आवागमन सुगम होगा, बल्कि यह मार्ग जिला मुख्यालय को प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बेहतर तरीके से जोड़ने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इससे व्यापार, परिवहन और स्थानीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि स्वीकृत बजट के तहत सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण उच्च गुणवत्ता के मानकों के अनुसार कराया जाएगा। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद क्षेत्रवासियों को जल्द ही बेहतर और सुरक्षित सड़क सुविधा का लाभ मिलने लगेगा।


