39.4 C
Lucknow
Wednesday, June 3, 2026

मुंबई से दबोचा गया दाऊद-ISI मॉड्यूल का बड़ा आतंकी

Must read

 

चार राज्यों में छापेमारी के बाद स्पेशल सेल की बड़ी कामयाबी

नई दिल्ली। देश विरोधी गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अंडरवर्ल्ड सरगना दाऊद इब्राहिम और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े आतंकी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। स्पेशल सेल ने मुंबई से एक अहम आतंकी हुफैजा को गिरफ्तार किया है, जिसे दाऊद इब्राहिम मॉड्यूल का सक्रिय सदस्य और आईएसआई समर्थित नेटवर्क का करीबी बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के रडार पर था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और मुंबई एटीएस की संयुक्त टीम कई दिनों से उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। आखिरकार मंगलवार देर रात उसे मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच एजेंसियों का दावा है कि गिरफ्तार आतंकी का संबंध पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंटों और डी-कंपनी के नेटवर्क से रहा है। वह कथित तौर पर कराची से संचालित मॉड्यूल के निर्देशों पर काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियां अब उससे पूछताछ कर यह जानने में जुटी हैं कि देश में कितने नए लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया और उसे किन संभावित लक्ष्यों पर काम करने के निर्देश दिए गए थे।

सूत्रों के अनुसार, पिछले एक माह से खुफिया एजेंसियों के इनपुट पर दिल्ली, मुंबई, राजस्थान और पंजाब समेत कई राज्यों में व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा था। इस कार्रवाई के दौरान अब तक इस मॉड्यूल से जुड़े नौ संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

हुफैजा की गिरफ्तारी को सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से डी-कंपनी, आईएसआई और भारत विरोधी नेटवर्क के कई अहम राज सामने आ सकते हैं। फिलहाल स्पेशल सेल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और उसके संपर्कों तथा गतिविधियों की जांच जारी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article