33 C
Lucknow
Friday, May 8, 2026

थाने से चंद कदम दूर चोरों का आतंक

Must read

जहानगंज कस्बा चौराहे पर लगातार वारदातों से दहशत

फर्रुखाबाद

थाना जहानगंज क्षेत्र स्थित कस्बा चौराहा इन दिनों चोरों के आतंक का केंद्र बनता जा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस स्थान पर लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, वह थाना जहानगंज से महज करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर दुकानों के ताले तोड़ रहे हैं और पुलिस व्यवस्था को खुली चुनौती देते नजर आ रहे हैं। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष और भय का माहौल व्याप्त है।
बीती रात एक बार फिर चोरों ने कस्बा चौराहे पर दो दुकानों को निशाना बनाया। चोरों ने फल विक्रेता पुष्पेंद्र कुमार की दुकान में घुसकर फल और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकान खोलने पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा मिला और नगदी गायब थी। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताई।फल विक्रेता पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। पिछले कुछ दिनों में कस्बा चौराहे की कई दुकानों में चोरी हो चुकी है, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी। व्यापारियों का आरोप है कि चोर लगातार सक्रिय हैं और पुलिस गश्त सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई है। रात के समय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था लगभग न के बराबर दिखाई देती है, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अब स्थिति ऐसी हो गई है कि रात होते ही व्यापारी अपनी दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता में डूब जाते हैं। कई दुकानदार देर रात तक दुकान की निगरानी करने को मजबूर हैं। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस थाने के इतने करीब लगातार हो रही चोरियों ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित बाजार सुरक्षित नहीं है, तो दूरदराज क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। व्यापारियों ने मांग की है कि कस्बा चौराहे पर रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध लोगों की निगरानी हो तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था मजबूत की जाए। साथ ही पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि व्यापारियों में फैले भय का माहौल समाप्त हो सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article