39.5 C
Lucknow
Monday, June 29, 2026

फूफा के घर के बाहर खड़े युवक पर दबंगों का हमला, धारदार हथियार से सिर पर वार; पांच आरोपियों के खिलाफ तहरीर

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र के मोहल्ला इमली दरवाजा में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब फूफा के घर के बाहर खड़े एक युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस दबंगों ने हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों का आरोप है कि शिकायत करने पर आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पक्ष ने पांच लोगों के खिलाफ थाना शमशाबाद पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला इमली दरवाजा निवासी मेराज पुत्र नियाज ने थाना पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि सोमवार दोपहर उसका पुत्र तौफीक उर्फ भूरा अपने फूफा शाहिद के आवास के बाहर खड़ा था। इसी दौरान मोहल्ले के ही शमी मोहम्मद पुत्र बसी मोहम्मद, कैफ पुत्र अली हसन, हसनैन पुत्र अली हसन, अली हसन तथा अरशद पुत्र आमीन एक राय होकर वहां पहुंचे और युवक को घेर लिया।
पीड़ित के अनुसार सभी आरोपी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे। आरोप है कि उन्होंने तौफीक के साथ बेरहमी से मारपीट की और धारदार हथियार से उसके सिर पर कई वार किए। गंभीर चोट लगने से युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि जब वे घटना की शिकायत करने आरोपियों के घर पहुंचे तो वहां भी आरोपियों ने अभद्रता की, गाली-गलौज की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
घटना के बाद घायल तौफीक को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। युवक की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं।
पीड़ित पिता मेराज ने थाना शमशाबाद पुलिस को तहरीर देकर पांचों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article