(डाॅ फ़ौज़िया नसीम ‘शाद’-विनायक फीचर्स)

सौन्दर्य-वृद्धि में फेस पैक का अपना एक अलग और महत्वपूर्ण स्थान है। फेस पैक त्वचा को पर्याप्त पोषण और आकर्षक निखार प्रदान करने के साथ-साथ दाग-धब्बों एवं त्वचा से संबंधित अनेक समस्याओं के समाधान में भी सहायक होता है।
बाज़ार में उपलब्ध तैयार फेस पैक त्वचा के अनुरूप सरलता से मिल जाते हैं, जो सुविधा की दृष्टि से उपयोगी होते हैं, किंतु घरेलू फेस पैक की अपनी विशिष्टता होती है। प्राकृतिक तत्वों से बने होने के कारण ये त्वचा पर कम दुष्प्रभाव डालते हैं। यहाँ फेस पैक के लाभ, सावधानियाँ तथा कुछ घरेलू फेस पैक का उल्लेख किया जा रहा है।

फेस पैक से होने वाले लाभ

* फेस पैक त्वचा को कांतिमय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
* त्वचा में कसाव लाने में सहायक होता है।
* असमय उत्पन्न झुर्रियों की समस्या को कम करता है।
* त्वचा के दाग-धब्बों को साफ़ करने में मदद करता है।

घरेलू फेस पैक

* जायफल को दूध में घिसकर चेहरे पर पैक की तरह लगाएँ,यह त्वचा को आकर्षक निखार देता है।
* मसूर की दाल को पानी में भिगो दें। फूलने पर उसे दूध के साथ पीसकर चेहरे पर सूखने तक लगाएँ। यह फेस पैक रंगत निखारने में अत्यंत उपयोगी है।
* अरहर की दाल को पीसकर उसमें दही मिलाएँ और पैक की तरह प्रयोग करें।
* तैलीय त्वचा के लिए मुल्तानी मिट्टी में गुलाब जल मिलाकर चेहरे पर लगाएँ।
* चंदन पाउडर में गुलाब जल मिलाकर लगाया गया फेस पैक त्वचा की रंगत निखारने के साथ-साथ तैलीय त्वचा के लिए विशेष लाभकारी है।
* उड़द की दाल का फेस पैक झाइयों की समस्या में सहायक होता है।
* अंडे की जर्दी में शहद मिलाकर चेहरे पर सूखने तक लगाएँ।

सावधानियाँ

* फेस पैक सदैव सूखने के बाद ही हटाएँ।
* फेस पैक हटाने के बाद गुलाब जल से त्वचा को अवश्य साफ़ करें।
* फेस पैक आँखों और होठों के आसपास न लगाएँ।
* सप्ताह या महीने में एक-दो बार ही फेस पैक का प्रयोग करें।
* फेस पैक लगाते समय आँखों पर रुई (कॉटन) के फाहे रखें।
* तैलीय त्वचा पर फेस पैक लगाने से पूर्व नींबू का रस लगाकर सुखा लें।
* शुष्क त्वचा पर फेस पैक लगाने से पहले बादाम या जैतून के तेल से हल्की मालिश करें।
* बाज़ार से फेस पैक सदैव अच्छी गुणवत्ता वाले और ब्रांडेड ही खरीदें। (विनायक फीचर्स)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here