चिकित्सा शिक्षा विभाग ने जारी किए आदेश, बुलंदशहर, बिजनौर, अमेठी, कानपुर देहात और कुशीनगर को मिले नए प्रधानाचार्य
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से प्रदेश के कई राजकीय मेडिकल कॉलेजों में नए प्राचार्यों की नियुक्ति की है। चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार विभिन्न जिलों के मेडिकल कॉलेजों में वरिष्ठ चिकित्सकों को प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश के मुताबिक डॉ. संगीता अनेजा को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बुलंदशहर का प्राचार्य नियुक्त किया गया है। वहीं डॉ. ललित चौधरी को राजकीय मेडिकल कॉलेज, बिजनौर की कमान सौंपी गई है।
इसी क्रम में डॉ. रीना शर्मा को राजकीय मेडिकल कॉलेज, अमेठी का प्राचार्य बनाया गया है, जबकि डॉ. अंबरीश गुप्ता को राजकीय मेडिकल कॉलेज, कानपुर देहात का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा डॉ. कन्हैया प्रसाद को राजकीय मेडिकल कॉलेज, कुशीनगर का प्राचार्य बनाया गया है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग का मानना है कि इन नियुक्तियों से संबंधित मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों, चिकित्सा सेवाओं और प्रशासनिक कार्यों में और अधिक सुधार होगा। सरकार लगातार मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर बदलाव कर रही है।
नवनियुक्त प्राचार्यों से अपेक्षा की गई है कि वे मेडिकल कॉलेजों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सा शिक्षा के उच्च मानकों को सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कार्य करेंगे।


