28 C
Lucknow
Thursday, April 16, 2026

परशुराम चौक विवाद पर भड़का आक्रोश: ब्राह्मण समाज ने सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

Must read

 

मैनपुरी

आगरा जनपद में स्थित परशुराम चौक पर डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर निकली शोभायात्रा के दौरान हुई कथित आपत्तिजनक घटना को लेकर ब्राह्मण समाज में गहरा आक्रोश व्याप्त है। इस घटना के विरोध में ब्राह्मण समाज सेवा समिति मैनपुरी के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि शोभायात्रा के दौरान कुछ अराजक तत्वों ने परशुराम चौक पर जूते-चप्पल पहनकर हंगामा किया, जिससे समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। समिति ने इस कृत्य को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं न केवल धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाती हैं, बल्कि सामाजिक सौहार्द को भी प्रभावित करती हैं।
समिति के अध्यक्ष सत्यप्रकाश दुबे ने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि समय रहते दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो समाज आंदोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
इस दौरान शशांक चतुर्वेदी, शशांक मिश्रा, अर्चित दुबे, पंकज चतुर्वेदी, उदय पांडेय, विवेक पांडेय (एडवोकेट), प्रमोद तिवारी, आनंद प्रकाश दुबे, आशुतोष तिवारी, राजेंद्र त्रिपाठी और सौरभ दुबे समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से क्षेत्र में शांति और भाईचारा बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की गई है।
घटना के बाद क्षेत्र में संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन समाज के लोगों में नाराजगी बनी हुई है और सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article