– गोंडा जा रहे आजाद को रामनगर में रोका गया
– पुलिस से धक्कामुक्की के बाद जाने की जिद पर अड़े
बाराबंकी। गोंडा जा रहे सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को बाराबंकी के रामनगर में पुलिस ने रोक दिया। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद उनके समर्थकों और पुलिस के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई।
जानकारी के मुताबिक चंद्रशेखर आजाद गोंडा में विनोद के परिजनों से मिलने जा रहे थे। रामनगर में पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया और उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद चंद्रशेखर आजाद अपने समर्थकों के साथ सड़क पर ही बैठ गए।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद चंद्रशेखर आजाद गोंडा जाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर उनके समर्थकों की भीड़ जुट गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। इसी दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच धक्कामुक्की भी हुई।
चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वह गोंडा में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे हैं और उन्हें वहां जाने से रोका जा रहा है।
मौके पर पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। फिलहाल चंद्रशेखर आजाद के गोंडा जाने को लेकर पुलिस और उनके समर्थकों के बीच गतिरोध बना हुआ है।


