37 C
Lucknow
Tuesday, April 14, 2026

अंबेडकर जयंती पर अमृतपुर में भव्य कार्यक्रम, विधायक सुशील कुमार शाक्य ने किया माल्यार्पण

Must read

अमृतपुर फर्रुखाबाद,

कस्बा अमृतपुर स्थित अंबेडकर पार्क में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती श्रद्धा, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक द्वारा बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात उपस्थित जनसमूह ने डॉ. अंबेडकर के विचारों का स्मरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक सुशील कुमार शाक्य ने कहा कि डॉ. अंबेडकर की जयंती आज पूरे देश में एक प्रेरणा पर्व के रूप में मनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने अपने जीवनकाल में छुआछूत, सामाजिक भेदभाव एवं विषमताओं के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाज को समानता, शिक्षा और अधिकारों का अमूल्य संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब समाज के दलित एवं वंचित वर्ग को मूलभूत अधिकारों से वंचित रखा जाता था, लेकिन बाबा साहब ने अपने संघर्ष, ज्ञान और दृढ़ संकल्प के बल पर उस व्यवस्था को चुनौती दी। “शिक्षा ही समाज में परिवर्तन का सबसे सशक्त माध्यम है,” यह उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है।
विधायक ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने विपरीत परिस्थितियों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर देश-विदेश में ख्याति अर्जित की तथा भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने सामाजिक समरसता एवं मानवता के लिए आजीवन संघर्ष किया और अंततः बौद्ध धर्म अपनाकर समानता का संदेश दिया।
सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, पिछड़े एवं वंचित वर्ग के उत्थान हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वकर्मा योजना एवं स्वरोजगार योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सड़क, नाली एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। “जब गांव विकसित होंगे, तभी देश विकसित होगा,” उन्होंने कहा।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने सभी उपस्थित लोगों को अंबेडकर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए बाबा साहब के अधूरे सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर गठन समिति अमृतपुर के संरक्षक सचिन देव तिवारी (प्रधान), प्रबंधक एवं विधिक सलाहकार अधिवक्ता सुशील सजग, अध्यक्ष सियाराम जाटव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेश पाल सुमन, उपाध्यक्ष दिनेश कठेरिया, कोषाध्यक्ष राजेश कुमार, महामंत्री राजेंद्र कुमार, संगठन मंत्री जितेंद्र एवं मुकेश कुमार, सचिव राजीव कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जिला मंत्री अनुराग सिंह, मंडल अध्यक्ष नीरज अवस्थी, मंडल महामंत्री विश्व प्रताप सिंह उर्फ चीनू, पूर्व उपाध्यक्ष आलोक बाजपेई, मंडल मंत्री जितेंद्र प्रताप सिंह, सोशल मीडिया प्रभारी रक्षपाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article