38 C
Lucknow
Tuesday, April 14, 2026

डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर श्रद्धांजलि, गोष्ठी में उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान

Must read

फर्रुखाबाद

भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर जनपद फर्रुखाबाद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने जेएनवी तिराहे पर स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा तथा कलेक्ट्रेट सभागार में उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन भी किया गया, जिसमें अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गोष्ठी के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष, सामाजिक समता के लिए उनके अथक प्रयासों तथा भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को विस्तार से याद किया। जिलाधिकारी श्री द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि डॉ. आंबेडकर ने जीवन भर समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत के निर्माण में बाबा साहब का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है और उनके विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और बंधुत्व की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
जिलाधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. आंबेडकर के साहित्य और विचारों का अध्ययन कर हम समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में सार्थक कदम उठा सकते हैं।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला आबकारी अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article