नवाबगंज:
थाना क्षेत्र में एक 12 वर्षीय बालक के कथित अपहरण की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत पर अपने पिता को नाश्ता देकर लौट रहे बालक को कथित रूप से पिकअप सवार युवकों ने जबरन उठा लिया। हालांकि कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद आरोपी उसे रोहिला अंडरपास के पास छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार विकासखंड मोहम्मदाबाद के गांव बीसलपुर बांगर की ग्राम प्रधान धारा कठेरिया का 12 वर्षीय पुत्र विक्रांत गुरुवार सुबह खेत पर अपने पिता को चाय और नाश्ता देने गया था। खेत से वापस लौटते समय गांव से पहले रास्ते में पेड़ के पास खड़े तीन युवकों ने उसे रोक लिया।
पीड़ित बालक विक्रांत के अनुसार आरोपियों ने उसे जबरन एक पिकअप वाहन में बैठा लिया और उसकी साइकिल भी वाहन में डाल ली। उसने बताया कि दो युवकों ने अपने चेहरे अंगौछे से ढक रखे थे। इसके बाद पिकअप तेज रफ्तार से मोहम्मदाबाद रोड की ओर बढ़ गई।
बालक ने बताया कि जब वाहन रोहिला अंडरपास के पास पहुंचा तो उसने आरोपियों से कहा कि आगे उसके चाचा की दुकान है। यह सुनते ही आरोपी घबरा गए और उसे अंडरपास के पास उतारकर फरार हो गए। इसके बाद विक्रांत रोहिला गांव स्थित मंदिर पहुंचा और वहां के महंत के मोबाइल फोन से अपने पिता को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना पर परिवार में हड़कंप मच गया। दोपहर करीब एक बजे ग्राम प्रधान अपने पुत्र को लेकर नवाबगंज थाना पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर शक जताया है।
मामले में राजीव कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस गांव से निकलने वाले रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले का जल्द खुलासा करने और बच्चों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।


