सभासद ने उठाई पक्की सड़क निर्माण की मांग, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर पंचायत शमशाबाद के वार्ड संख्या-19 भगत सिंह नगर स्थित मोहल्ला अलेपुर में जरा सी बारिश ने स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बीती रात हुई बारिश के बाद कच्चे एवं ऊबड़-खाबड़ मार्ग पर जलभराव हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र में गंदगी फैल गई और लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया। हालत यह है कि बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए इस मार्ग से गुजरना बेहद मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि मोहल्ले के लोग लंबे समय से क्षतिग्रस्त कच्ची सड़क के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं। बारिश के दौरान सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। जलभराव के कारण संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
समस्या से परेशान लोगों ने वार्ड के सभासद खुशनबाज खान से जलभराव की समस्या से स्थायी निजात दिलाने की मांग की। इस पर सभासद खुशनबाज खान ने बताया कि वह कई बार इस समस्या से नगर पंचायत प्रशासन को अवगत करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की बैठकों में भी सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन हर बार इस मामले की अनदेखी की गई।
सभासद के माध्यम से मोहल्ले के लोगों ने नगर पंचायत शमशाबाद से जल्द से जल्द पक्की सड़क का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि बरसात के दिनों में उन्हें इस समस्या का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि नदीम अहमद फारुकी ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी दी गई है और शीघ्र ही समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर मोहल्लेवासियों को राहत दिलाने की मांग की है।
जरा सी बारिश में डूबा मोहल्ला अलेपुर, जलभराव से लोगों का निकलना हुआ मुश्किल


