– अकीतदमंदों ने जगह-जगह बांटा शरबत
गुरसहायगंज, कन्नौज। मोहर्रम के पवित्र महीने में नगर में सातवीं पर अलम का जुलूस गमगीन माहौल में निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शामिल होकर एकता और सौहार्द का संदेश दिया। पूरे नगर में या हुसैन की सदाएं गूंजती रहीं और लोगों ने कर्बला के शहीदों को याद किया।
मंगलवार को मोहर्रम की सातवीं पर अलम का जुलूस उस्ताद मुन्ना भाई के नेतृत्व में बगिया मोहल्ला से निर्धारित समय पर निकाला गया। जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होकर जीटी रोड स्थित इमाम चौक पर समाप्त हुआ। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने अलमों को हाथों पर उठाकर हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानियों को याद किया। मातमी अंजुमनों द्वारा नौहाख्वानी और मातम किया गया। जिससे पूरा वातावरण गम और अकीदत में डूब गया। जगह-जगह लोगों ने शर्बत, पानी एवं अन्य पेय पदार्थों की सबीलें लगा कर बांटी। मोहर्रम के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।


