नवाबगंज। जहां एक ओर कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सरकारी तंत्र द्वारा तमाम हेल्पलाइन नंबर जारी कर लोगो को न्याय दिलाने की पहल की जा रही है। वहीं दूसरी ओर पुलिस अपनी कार्यशैली पर पर्दा डालने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन ( आईजीआरएस ) पर शिकायत करने में ठोस कार्यवाही न कर समझौता करने का दवाब बनाने के लिए शिकायत कर्ता को ही हवालात में बंद कर रही है। पुलिस की इस तरह की कार्यवाही का उदाहरण थाना नवाबगंज में मंगलवार को देखने को मिला। यहां थाना प्रभारी द्वारा शिकायत का निस्तारण करने को थाने बुलाया गया। और उससे शिकायत पर समझौता करने का दवाब बनाया गया। समझौता न करने की कहने पर व्यापारी को हवालात में बंद कर दिया गया। व्यापारियों के आक्रोश को लेकर लगभग आधा घंटे बाद पुलिस बैकपुट पर आई और व्यापारी को थाने से छोड़ा गया।
नवाबगंज नगर के मुख्य बाजार निवासी गल्ला आड़ती सुरेश कौशल ने नवाबगंज तिराहा निवासी युवकों के खिलाफ स्कूल से बच्चों को घर लाते समय तिराहे पर रोककर गाली गलौज करने व जानमाल की धमकी देने की मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की थी। उसी शिकायत के निस्तारण को लेकर सोमवार थाने के दरोगा ने सुरेश कौशल को फोन कर थाने आने को कहा। सुरेश ने व्यस्तता बताकर मंगलवार को आने की बात कही। मंगलवार दोपहर दरोगा द्वारा पुनः फोन किया गया। तो सुरेश कौशल थाने पहुंचे। और थाने पर मौजूद थाना प्रभारी राजीव कुमार ने आरोपी युवक व उसके पिता व नगर निवासी अपने परिचित दो युवकों को भी मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इस दौरान थाना प्रभारी ने अपने परिचित लोगों की शह पर पूंछताछ कर शिकायत में समझौता करने का दवाब बनाया। सुरेश ने समझौता न करने की बात कही। तो थाना प्रभारी ने दवाब बनाने के लिए शिकायत कर्ता सुरेश कौशल व आरोपी युवक व उसके पिता को हवालात में बंद करने का निर्देश दिया। जिसपर पुलिस कर्मियों ने उन्हें हवालात में बंद कर दिया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने सुरेश के हाथ में बंधा पूजा का कलावा भी काट दिया। व्यापारी को हवालात में बंद किए जाने की जानकारी पर अन्य साथी व्यापारियों में रोष बढ़ा। और व्यापारियों ने शिकायत कर्ता सुरेश कौशल को हवालात में बंद करने के विरोध में थाना प्रभारी को फोन किया। जिसपर लगभग 10 मिनट बाद पुलिस ने सुरेश कौशल को हवालात से बाहर निकाला। और जीपीएस कैमरा से एक फोटो भी खींचा। व्यापारी सुरेश कौशल ने बताया कि शिकायत पर थाने बुलाकर पुलिस द्वारा समझौता का दवाब बनाया गया। समझौता न करने पर हवालात में बंद किया गया, और 10 मिनट बाद छोड़ दिया गया। शिकायत कर्ता व्यापारी सुरेश कौशल को ही पुलिस द्वारा हवालात में बंद किया जाना नवाबगंज पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिह लगा रहा है। घटना को लेकर व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
व्यापारी को मुख्यमंत्री के आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत करना पड़ा भारी, समझौता न करने पर पुलिस ने व्यापारी को हवालात में किया बंद


