लखनऊ। बीते दिन कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ में भर्ती कराया गया था , जहां उनकी हालत को देखते हुए आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अजय राय को सोडियम लेवल अचानक कम होने के चलते चक्कर आया और वे मूर्छित हो गए। यह स्थिति कई बार गंभीर रूप ले सकती है, इसलिए उन्हें तुरंत उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा में लाया गया। डॉक्टरों की टीम ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईसीयू में रखा, ताकि हर पल उनकी स्थिति की निगरानी की जा सके।
मौजूदा जानकारी के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टर किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहते। आईसीयू में लगातार मॉनिटरिंग, ब्लड टेस्ट और जरूरी मेडिकल सपोर्ट दिया जा रहा है। वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है और उपचार प्रोटोकॉल के तहत दवाइयां दी जा रही हैं।
अस्पताल के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे बेहद महत्वपूर्ण हैं। इसी दौरान यह तय होगा कि उन्हें आईसीयू से बाहर सामान्य वार्ड में शिफ्ट किया जा सकता है या नहीं। फिलहाल डॉक्टरों ने पूरी तरह आराम और निगरानी की सलाह दी है।
इस घटना की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में चिंता का माहौल है। बड़ी संख्या में समर्थक और पार्टी पदाधिकारी अस्पताल के बाहर जुटे हुए हैं और लगातार स्वास्थ्य अपडेट ले रहे हैं। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
राजनीतिक हलकों में भी इस खबर के बाद हलचल देखी जा रही है, क्योंकि अजय राय हाल के दिनों में प्रदेश की राजनीति में काफी सक्रिय थे और कई मुद्दों पर सरकार को घेर रहे थे। ऐसे समय में उनकी तबीयत बिगड़ना राजनीतिक गतिविधियों को भी प्रभावित कर सकता है।
सोडियम लेवल गिरने से बिगड़ी अजय राय तबीयत, डॉक्टरों की सघन निगरानी में चल रहा इलाज


