29 C
Lucknow
Friday, April 24, 2026

5 मई के बाद अंग, बंग और कलिंग में होगी भाजपा सरकार : अमित शाह

Must read

 

 

 

कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत का दावा करते हुए सियासी माहौल गरमा दिया है। कोलकाता में आयोजित प्रेस वार्ता में शाह ने कहा कि पहले चरण के मतदान में जनता ने बदलाव के पक्ष में रिकॉर्ड मतदान किया है और भाजपा को भारी समर्थन मिला है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण की 152 सीटों में से लगभग 110 सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।

अमित शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार का अब सत्ता से जाना तय है और भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि “5 मई के बाद अंग, बंग और कलिंग—तीनों क्षेत्रों में भाजपा का शासन होगा”, जिसे उन्होंने पूरे पूर्वी भारत के लिए बड़ा परिवर्तन बताया।

गृह मंत्री ने चुनाव प्रचार के दौरान उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज और हुगली जिले के कोन्ननगर में जनसभाओं को भी संबोधित किया। संदेशखाली प्रकरण का जिक्र करते हुए उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा को प्रमुख मुद्दा बनाया और कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद महिलाओं के साथ अत्याचार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जेल भेजा जाएगा।

शाह ने सीमा क्षेत्रों में मवेशी तस्करी और राजनीतिक हिंसा पर भी सख्त रुख अपनाने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में कोई इस तरह की गतिविधियों की हिम्मत न कर सके। साथ ही उन्होंने ‘भतीजा टैक्स’ और ‘सिंडिकेट राज’ खत्म करने का भी वादा किया, जो तृणमूल सरकार पर लगाए जाने वाले प्रमुख आरोपों में शामिल रहे हैं।

रिकॉर्ड मतदान का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि यह इस बात का संकेत है कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की राजनीति को समर्थन दे रही है और बदलाव चाहती है। उन्होंने शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग, केंद्रीय बलों और राज्य पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद बंगाल में इतनी शांतिपूर्ण प्रक्रिया देखने को मिली है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article