संभल: शहर और आसपास के क्षेत्रों में फैल रही तेज बदबू को रोकने के लिए प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए एक बोन मील फैक्ट्री का संचालन बंद करा दिया। यह कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट, चिकित्सा विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे प्रशासनिक टीम संभल कोतवाली क्षेत्र के गांव चिम्यावली पहुंची, जहां एआर बोन मील फैक्ट्री पर कार्रवाई की गई। डॉक्टर नीरज शर्मा और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल के नेतृत्व में फैक्ट्री का संचालन तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में मौजूद रॉ मटेरियल को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इसके लिए नगर पालिका परिषद की टीम ने जेसीबी और ट्रैक्टर की मदद से गड्ढा खुदवाया और सामग्री को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया, ताकि बदबू और प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके।
सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने बताया कि इस मामले में पहले ही न्यायालय द्वारा धारा 152 BNSS के तहत आदेश जारी किया गया था। उसी आदेश के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि गांव चिम्यावली में तीन बोन मील फैक्ट्रियों पर आदेश जारी हुआ था, जिनमें से दो पहले ही बंद कराई जा चुकी हैं।
प्रशासन के अनुसार, नूरी और एमएस बोन मील पहले ही बंद हो चुकी हैं, जबकि अब एआर बोन मील में शेष सामग्री को नष्ट किया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा ताकि क्षेत्र में फैली दुर्गंध और प्रदूषण की समस्या पूरी तरह खत्म की जा सके।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर सख्त नजर रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।


