क्रासर
ईदगाह पर जाकर परखी सुरक्षा व्यवस्था
फर्रुखाबाद। ईद-उल-अज़हा (बकरीद) पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
अधिकारियों ने ईदगाह परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान भारी पुलिस बल के साथ पैदल मार्च भी निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना तथा असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना रहा।
पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद कर त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं यातायात व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन द्वारा किए गए इस फ्लैग मार्च के बाद लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
बकरीद को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने किया फ्लैग मार्च


