तिलहर-दातागंज हाईवे पर हादसा, ग्रामीण बोले- कागजों में होता है पेचवर्क, जमीन पर मौत परोस रही सड़क
जैतीपुर, शाहजहांपुर। स्टेट हाईवे पर बना एक गहरा गड्ढा एक परिवार के लिए काल बन गया। करकौर गांव के पास हुए दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश है।
मृतक मनोज पुत्र जगदीश मूल रूप से परौर गांव का रहने वाला था। वह शाहजहांपुर शहर में किराए पर रहता था और चाट का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। शनिवार शाम वह अपने साथी श्यामू के साथ बाइक से लौट रहा था, तभी करकौर पुलिया के पास सड़क के गड्ढे में बाइक फंस गई और दोनों गिर गए। गंभीर हालत में मनोज को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
कागजी मरम्मत का खेल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस सड़क का पेचवर्क सिर्फ फाइलों में होता है। ठेकेदार आते हैं, गड्ढों में दो-चार तसला गिट्टी डालकर चले जाते हैं। दो दिन में ही सड़क फिर उखड़ जाती है। इसी भ्रष्टाचार के चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। दो महीने पहले भी यहीं पर बस पलटने से 35 श्रद्धालु घायल हुए थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और सड़क की तत्काल नए सिरे से मरम्मत कराई जाए, नहीं तो ग्रामीण आंदोलन को मजबूर होंगे।


