42.8 C
Lucknow
Thursday, June 11, 2026

अदिति यादव पर आपत्तिजनक पोस्टों से भड़के राघव दत्त दी आंदोलन की चेतावनी

Must read

 

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पुत्री अदिति यादव को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित भ्रामक और आपत्तिजनक पोस्टों को लेकर सियासी माहौल गर्मा गया है। समाजवादी पार्टी महानगर अध्यक्ष राघव दत्त मिश्रा ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बेटियों और महिलाओं के सम्मान की बात करने वाली भाजपा की कथनी और करनी में बड़ा अंतर दिखाई दे रहा है।

राघव दत्त मिश्रा ने जारी बयान में कहा कि सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्मों पर अदिति यादव के संबंध में झूठी और आधारहीन खबरें प्रसारित की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकार की गतिविधियां राजनीतिक विद्वेष से प्रेरित हैं और समाज में नफरत का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि भाजपा इन गतिविधियों से खुद को अलग बताती है तो फिर ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है।

सपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल का विरोध लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन नेताओं के परिवारों और विशेषकर बेटियों को निशाना बनाना राजनीतिक मर्यादा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह प्रवृत्ति लोकतंत्र और सामाजिक मूल्यों दोनों के लिए खतरनाक है।

राघव दत्त मिश्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय निगरानी रखने की अपील करते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति अदिति यादव के संबंध में झूठी खबरें या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर रहा हो, उसकी आईडी और पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में विधिक कार्रवाई कर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की पोस्टों और अफवाहों पर रोक नहीं लगी तो समाजवादी पार्टी महानगर इकाई फर्रुखाबाद सड़कों पर उतरकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। सपा नेताओं का कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन परिवार की महिलाओं और बेटियों को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इस बयान के बाद जिले की राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं को लेकर नई बहस छिड़ गई है। अब निगाहें इस बात पर हैं कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां ऐसे मामलों में क्या कदम उठाती हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article